Home ब्रेकिंग न्यूज गड़चिरोली से उमरखेड़ जाने वाली एसटी बस का भीषण हादसा : एक...

गड़चिरोली से उमरखेड़ जाने वाली एसटी बस का भीषण हादसा : एक व्यक्ती और महिला सहित मासूम बालक की मौत, 34 घायल, कई की हालत गंभीर…

0
2344

गड़चिरोली : गड़चिरोली से उमरखेड़ जाने वाली महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) की एक बस गुरुवार को गड़चिरोली मुख्यालय से लगभग छह किलोमीटर दूर मूर्खडा गांव के समीप भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस चालक का वाहन पर नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिसके बाद बस ने दो पलटियां खाईं और सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति और महिला सहित मासूम बालक की मौत हो गई, जबकि 34 यात्री घायल हुए हैं। इनमें दो से तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घायल यात्रियों में महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। एक छह माह का मासूम बच्चा भी गंभीर अवस्था में जिंदगी और मौत से जूझता दिखाई दिया। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. गणेश जैन भी हादसे में घायल हुए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बस चालक ने अपना नाम रोहित देशमुख निवासी अकोला बताया है। हादसे के बाद जब चालक से दुर्घटना के कारणों के बारे में पूछताछ की गई तो उसने कहा कि उसे याद नहीं कि बस के सामने कोई वाहन आया था या कोई जानवर अचानक सड़क पर आ गया था। वहीं बस कंडक्टर ने भी बयान दिया कि वह यात्रियों को टिकट देने में व्यस्त था, इसलिए उसे भी हादसे से ठीक पहले क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है।
हालांकि पुलिस और परिवहन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस नई और अच्छी स्थिति में थी। ऐसे में प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बस तेज या लापरवाहीपूर्ण तरीके से चलाए जाने के कारण चालक का नियंत्रण वाहन से छूट गया होगा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।
हादसे में चालक रोहित देशमुख और बस कंडक्टर को भी मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों और मृतक को तत्काल गड़चिरोली के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया।
एक साथ बड़ी संख्या में घायल मरीज पहुंचने से सामान्य अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था तुरंत सक्रिय हो गई। अस्पताल के जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े, डॉ. इंद्रदेव नागदेवते, डॉ. मनीष मेश्राम सहित अनेक डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य कर्मचारी लगातार घायलों के उपचार में जुटे दिखाई दिए। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार देकर स्थिर करने के प्रयास किए गए और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में चालक की लापरवाही जिम्मेदार थी या कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here